Sukanya Samriddhi Yojana: बच्चों की पढ़ाई और शादी जैसे बड़े खर्चों के लिए फाइनेंशियल प्लानिंग करना बेहद जरूरी है। भारत सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) बेटियों के वित्तीय भविष्य के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है।
यह सरकार समर्थित योजना है, जो पूरी तरह जोखिम मुक्त है। इस योजना पर 8.2% का चक्रवृद्धि ब्याज मिल रहा है। यह योजना खास तौर पर बेटियों की उच्च शिक्षा और शादी के लिए बड़ा फंड बनाने में मदद करती है। आइए सुकन्या समृद्धि योजना से जुड़े कुछ मुख्य बिंदुओं और इसके फायदों के बारे में विस्तार से समझते हैं।
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) की खास बातें
खाता खोलने की पात्रता: माता-पिता अपनी बेटी के 10 साल का होने से पहले कभी भी उसके लिए SSY खाता खुलवा सकते हैं।
कितने खाते: आमतौर पर एक परिवार में अधिकतम 2 बेटियों के लिए SSY खाते खोले जा सकते हैं। हालांकि, जुड़वां या तीन बच्चों के जन्म की स्थिति में 2 से अधिक खाते भी खोले जा सकते हैं।
अंशदान अवधि: इस योजना में खाता खोलने की तिथि से अधिकतम 15 वर्ष तक अंशदान किया जा सकता है
निवेश और लॉक-इन: यदि आप अपनी बेटी के जन्म के तुरंत बाद खाता खोलते हैं, तो आप 15 वर्ष तक निवेश कर सकते हैं। इसके बाद 6 वर्ष की लॉक-इन अवधि होती है, जिसमें आपको कोई निवेश नहीं करना होता, लेकिन आपको अपनी जमा राशि पर ब्याज मिलता रहता है।
आंशिक निकासी: बेटी के 18 वर्ष की होने पर परिपक्वता राशि का 50% तक निकाला जा सकता है। शेष राशि बेटी के 21 वर्ष की होने पर पूरी तरह निकाली जा सकती है।
कर लाभ: SSY योजना ‘EEE’ (छूट-छूट-छूट) स्थिति के साथ आती है। इसका मतलब है कि इस योजना में किए गए 1.50 लाख रुपये तक के वार्षिक निवेश, उस पर मिलने वाले ब्याज और परिपक्वता पर मिलने वाली पूरी राशि, तीनों पर आयकर छूट का लाभ मिलता है।
न्यूनतम और अधिकतम निवेश: आप एक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम 250 रुपये और अधिकतम 1,50,000 रुपये जमा कर सकते हैं। आप यह निवेश किश्तों या एकमुश्त में कर सकते हैं।
₹70 लाख का फंड कैसे बनाएं?
मान लीजिए कि आप वर्ष 2025 में अपनी 1 वर्षीय बेटी के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खोलते हैं। यदि आप प्रत्येक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 1,50,000 रुपये का निवेश करते हैं, तो आपको 2046 में परिपक्वता के समय कुल ₹69,27,578 मिल सकते हैं। इस राशि में आपके द्वारा निवेश की गई कुल मूल राशि ₹22,50,000 और ₹46,77,578 का भारी ब्याज लाभ शामिल होगा।