नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने IPL 2025 के 69वें मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलकर टी20 क्रिकेट की रिकॉर्ड्स बुक में अपनी जगह पक्की कर ली है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर उन्होंने 39 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इस पारी के दौरान सूर्या ने एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, जिसे अब तक कोई नहीं तोड़ पाया था।
टी20 क्रिकेट में लगातार 14वीं बार 25 या उससे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब सूर्यकुमार यादव के नाम है। इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावुमा के पास था, जिन्होंने 13 मैच लगातार 25+ रन बनाए थे। सूर्यकुमार ने यह उपलब्धि काइल जैमीसन के ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर हासिल की।
सूर्यकुमार यादव ने न सिर्फ विश्व रिकॉर्ड बनाया, बल्कि IPL के इतिहास में भी अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में लिख दिया। आईपीएल के एक सीजन में लगातार सबसे ज्यादा बार 25 या उससे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अब उनके पास है। उन्होंने इस सीजन में 14 पारियों में यह कारनामा किया, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड केन विलियमसन और शुभमन गिल के नाम संयुक्त रूप से दर्ज था, जिन्होंने 13-13 बार ऐसा किया था।
सूर्यकुमार यादव ने IPL के एक सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। यह रिकॉर्ड 2010 में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम था, जब उन्होंने 618 रन बनाए थे। इस सीजन सूर्या अब तक 14 मैचों में पांच अर्धशतक लगाते हुए कुल 640 रन बना चुके हैं। वे मुंबई इंडियंस के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन
640 रन – सूर्यकुमार यादव (2025)
618 रन – सचिन तेंदुलकर (2010)
605 रन – सूर्यकुमार यादव (2023)
553 रन – सचिन तेंदुलकर (2011)
540 रन – लेंडल सिमंस (2015)